बैतूल , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के पारडसिंगा गांव में सोमवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेत पांच लाख रुपये से अधिक का सामान चोरी कर लिया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे। मंगलवार सुबह घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अलकेश साहू के मुताबिक, सोमवार रात उनकी मां कलावती साहू काजल तीज के उपवास और पूजा के लिए बाहर गई थीं। वहीं, उनके पिता कालूराम साहू और वह खुद पोल्ट्री फार्म पर काम देखने गए थे। पोल्ट्री फार्म पर काम चलने के कारण दोनों रात में वहीं रुक गए। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया।

परिवार के अनुसार चोरों ने घर में रखी अलमारी तोड़कर उसमें रखी करीब एक लाख रुपये की नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरों में अलकेश और उनकी पत्नी के आभूषण भी शामिल हैं।

अलकेश ने बताया कि उनकी शादी करीब चार महीने पहले हुई है। शादी के दौरान मिले और बाद में बनवाए गए उनकी पत्नी के जेवर भी चोरी हो गए। परिवार के अनुसार नकदी और जेवर की कुल कीमत पांच लाख रुपये से अधिक है।

परिवार को आशंका है कि चोरी सोमवार रात करीब 12 बजे के आसपास हुई होगी। मंगलवार सुबह घर पहुंचने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और अलमारी टूटी हुई थी। जांच करने पर नकदी और जेवर गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाकर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित