ग्रेटर नोएडा , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बीटा-दो थाना पुलिस ने बंद पड़े मकानों की रेकी कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने और अवैध गांजे की तस्करी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल, ताले खोलने के उपकरण, दो दर्जन चाबियां, एक अतिरिक्त नंबर प्लेट और 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है।

पुलिस द्वारा मंगलवार को जानकारी दी गई कि, बीटा-दो थाना पुलिस टीम ने सिटी पार्क, नवादा के पास से आरोपी साहिल पुत्र रज्जाक निवासी मस्जिद के पीछे, वाली गली, मुस्ताक नगर, थाना बन्नादेवी, जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले सोसायटियों और कॉलोनियों में घूमकर बंद पड़े मकानों की रेकी करता था। इसके बाद मौके का फायदा उठाकर ताले खोलने के लिए प्लास और अलग-अलग तालों की चाबियों का इस्तेमाल कर घरों में घुसता और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो जाता था।

आरोपी चोरी के अलावा उसी मोटरसाइकिल से विभिन्न इलाकों में अवैध गांजे की बिक्री भी करता था। पहचान छिपाने और पुलिस से बचने के लिए वह बाइक पर बार-बार फर्जी नंबर प्लेट बदलकर चलता था।

जांच में जानकारी मिली कि आरोपी ने गत जून माह को अल्फा-एक के बी-ब्लॉक तथा 11 जुलाई को सिल्वर ऑक्स सोसायटी में बंद पड़े मकानों से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की घटनाओं को अंजाम दिया है। इन मामलों में थाना बीटा-दो पर बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित