सोनीपत , जून 03 -- हरियाणा में सोनीपत के नाहरी गांव की खादर कॉलोनी में एक बंद घर को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गये।

परिवार के सदस्यों के घर लौटने पर घटना का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खादर कॉलोनी निवासी रमेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक जून को उनके पिता महेश काम पर गये हुए थे। शाम करीब पांच बजे उनकी मां नागवती घर पहुंचीं तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर जाकर देखा तो अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। शिकायत के अनुसार चोर घर से करीब 16 ग्राम सोने की चेन, दो सोने के लॉकेट, लगभग 60 ग्राम चांदी के आभूषण तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गये। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच के बाद कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 और 331(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान के प्रयास किये जा रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी और स्थानीय स्तर पर जांच जारी है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित