बेतिया , अक्टूबर 16 -- बिहार के पश्चिम चम्पारण जिले के बैरिया अंचल कार्यालय के अभिलेखागार में सुरक्षित बंदोबस्ती अभिलेखों में कथित छेड़छाड़ कर उन्हें ऑनलाइन अपलोड करने के मामले में सात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।जिला प्रशासन की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के आदेश पर अंचलाधिकारी, बैरिया ने बैरिया थाना में प्राथमिकी संख्या 503/2026 दर्ज करायी है।इस मामले में अंचल कार्यालय के पूर्व अंचल नाजीर अनिल कुमार, वर्तमान अंचल नाजीर अरमेश्वर प्रसाद और स्कैनिंग ऑपरेटर बिट्टू कुमार समेत अन्य व्यक्तियों को आरोपित किया गया है।
आरोप है कि बंदोबस्ती अभिलेखों में कथित कूटरचना कर नाम जोड़े गये और अभिलेखों को ऑनलाइन अपलोड किया गया।जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रतिवेदन के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू की है।
जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि मामले में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित