चंडीगढ़ , अगस्त 21 -- कौमी इंसाफ मोर्चा के आह्वान पर बंदी सिंहों की रिहाई समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को राज्यव्यापी बंद का असर पंजाब के कई हिस्सों में देखने को मिला। बंद सुबह सात बजे से अपराह्न दो बजे तक रखा गया है। कई स्थानों पर बाजार और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे, जबकि अस्पताल, मेडिकल स्टोर और अन्य आवश्यक आपात सेवाएं जारी रहीं।
जालंधर में गुरु नानक मिशन चौक पर मोर्चे के सदस्यों ने धरना देकर यातायात प्रभावित किया। भोगपुर में जालंधर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग और बाजार बंद रहे। जालंधर के कई निजी स्कूल भी बंद रहे, जबकि सरकारी स्कूलों में छुट्टी नहीं की गई।
अमृतसर में विभिन्न बाजार बंद रहे और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) हरपाल सिंह के अनुसार स्थिति शांतिपूर्ण रही। वहीं सरकारी कार्यालयों में कामकाज जारी रहा, हालांकि सामान्य दिनों की तुलना में लोगों की संख्या कम रही।
लुधियाना में बंद का मिला-जुला असर रहा। अकालगढ़ मार्केट पूरी तरह बंद रही, जबकि आवश्यक सामान की कुछ दुकानें खुली रहीं। पठानकोट में भी बाजार खुले रहे, लेकिन बस स्टैंड से बसों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। बरनाला, मोगा और समराला में बंद का व्यापक असर देखने को मिला। समराला में बाजार पूरी तरह बंद रहे और पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 50 पुलिसकर्मी तैनात किए। तलवंडी साबो में भी बाजार बंद रहे और विभिन्न संगठनों ने धरना देकर बंदी सिंहों की रिहाई की मांग उठाई।
महल कलां में प्रदर्शनकारियों ने बठिंडा-बर्नाला मुख्य मार्ग पर यातायात रोक दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया और वाहनों की आवाजाही बहाल कराई।
मोर्चे की प्रमुख मांगों में सजा पूरी कर चुके सिख कैदियों की रिहाई, जगतार सिंह हवारा को कम से कम 10 दिन की पैरोल , 15 अगस्त को चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध तथा उस दौरान हिरासत में लिए गए लोगों की बिना शर्त रिहाई शामिल हैं।
बंद को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी), शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर), अकाली दल (वारिस पंजाब दे), दल खालसा, हवारा कमेटी समेत विभिन्न पंथक तथा किसान-मजदूर संगठनों का समर्थन मिला है। चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।
मोर्चे की ओर से कहा गया है कि बंद के दौरान आपात सेवाओं को प्रभावित नहीं किया जाएगा। शादी, परीक्षा और एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को भी छूट देने की बात कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित