अमृतसर , अगस्त 18 -- शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा द्वारा 21 अगस्त 2026 को दिये गये पंजाब बंद के आह्वान का समर्थन किया है।
एडवोकेट धामी ने कहा कि पंजाब बंद के समर्थन में 21 अगस्त को एसजीपीसी के मुख्य कार्यालय सहित सभी संस्थान बंद रखे जाएंगे।
उन्होंने मंगलवार को बताया कि एसजीपीसी की पहले से निर्धारित अंतरिंग कमेटी की बैठक अब 21 अगस्त के बजाय 22 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे एसजीपीसी के मुख्य कार्यालय, अमृतसर में होगी। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी बंदी सिंहों की रिहाई के लिए हमेशा प्रयासरत रही है और इस उद्देश्य के लिए किये जा रहे हर संघर्ष का पूर्ण समर्थन करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बंदी सिंहों की रिहाई के संबंध में सिख समुदाय की भावनाओं को समझने के बजाय इस मुद्दे पर संघर्ष कर रहे लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस रवैये का प्रत्येक न्यायप्रिय व्यक्ति को विरोध करना चाहिए। उन्होंने पंजाब की संगत से 21 अगस्त के बंद को सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की।
एसजीपीसी की ओर से कहा गया कि पंजाब बंद के समर्थन में 21 अगस्त को एसजीपीसी के कार्यालय और उसके सभी संस्थान बंद रहेंगे, जबकि अंतरिंग कमेटी की बैठक 22 अगस्त को आयोजित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित