भरतपुर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में करौली शहर में शनिवार को सुबह बंदरों की शरारत से बिजली एवं टेलीफोन के तीन भारी भरकम खम्बे सडक पर गिरने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना अनाज मंडी में पुराने पोस्ट ऑफिस के सामने हुई। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक हादसा होते होते टल गया, लेकिन इससे सर्राफा बाजार और हनुमान मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग पूरी तरह से बंद होने के साथ ही क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था ठप हो गई।
सूत्रों ने बताया कि बंदर विद्युत पोल पर झूल रहे थे, जिसके बाद कमजोर पोल अचानक गिर पड़े। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये खंभे पिछले कई दिनों से हिल रहे थे और व्यापारियों ने इसकी शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन बिजली विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित