पटना , सितंबर 24 -- बिहार में पटना जिले की पुलिस ने कंकड़बाग थाना क्षेत्र में महिला से सोने की चेन झपटने के मामले का खुलासा करते हुए बंटी-बबली गिरोह के 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि 22 सितंबर को कंकड़बाग थाना क्षेत्र में बाइक सवार युवक-युवती द्वारा महिला से झपट्टा मारकर सोने की चेन छीनने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को छीनी गयी चेन के साथ पकड़ लिया तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

पूछताछ में दोनों के बंटी-बबली गिरोह से जुड़े होने तथा छीनी गयी चेन को एक सुनार की दुकान में बेचने की जानकारी मिली। पुलिस ने दुकान पर छापेमारी कर तीन अन्य सोने की चेन बरामद की और दुकान मालिक को गिरफ्तार कर लिया।

इसके बाद की गयी छापेमारी में गिरोह से जुड़े आठ अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस तरह कुल 11 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गयी, जिनमें 10 आरोपित गिरफ्तार और एक विधि-विरुद्ध बालिका निरुद्ध की गयी।

पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के विरुद्ध इस माह विभिन्न थाना क्षेत्रों में 17 प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। मामले में अग्रेतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित