बंगा , जुलाई 14 -- पंजाब के शहीद भगत सिंह नगर जिले के बंगा शहर में सोमवार देर रात एक सांस्कृतिक 'नकलां' (मिमिक्री) कार्यक्रम के दौरान अचानक गोलियां चलने से एक महिला सहित दो लोग घायल हो गये। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सागर गेट इलाके में एक स्थानीय निवासी द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान गुरदीप सिंह उर्फ दीपा बखलोरिया अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा। इसी दौरान उसका एक स्थानीय व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। झड़प के दौरान गोलीबारी हो गयी।
गोली लगने से कार्यक्रम में मौजूद एक महिला की जांघ के पीछे गोली लगी, जबकि गुरदीप सिंह उर्फ दीपा बखलोरिया भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों घायलों को तुरंत बंगा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। गुरदीप सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बंगा सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसने चलायी और फायरिंग की असली वजह क्या थी।
सिटी थाना बंगा के एएसआई विजय कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित