नवांशहर /बंगा , अक्टूबर 05 -- पंजाब के बंगा-फगवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मजारी गांव के पास सोमवार तड़के एक निजी बस के पुल से नीचे गिरने से बस परिचालक और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) की एक छात्रा समेत तीन लोगों की मौत हो गई, और 24 अन्य यात्री घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 4.30 बजे हुआ। मनाली से अमृतसर लौट रही केटीसी कंपनी की बस में एलपीयू के कई छात्र और अन्य पर्यटक सवार थे। बंगा फ्लाईओवर पार करने के बाद नीचे उतरते समय बस पुल से गिरकर पलट गई, जिससे कई यात्री बस में फंस गए।
मृतकों की पहचान बस परिचालक खेम सिंह, एलपीयू छात्रा जशीना जोसेफ और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। घायलों में 21 को मामूली चोटें आई हैं, जबकि तीन की हालत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों को बंगा के सिविल अस्पताल और दहां कलेरां स्थित गुरु नानक मिशन अस्पताल ले जाया गया।
गंभीर रूप से घायल जतिन और संजय को बेहतर उपचार के लिए लुधियाना के दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अमृतसर निवासी विशाल तुल्ली का दहां कलेरां अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। माना जा रहा है कि चालक को नींद आने के कारण बस अनियंत्रित हुई हाेगी। हालांकि पुलिस ने हादसे के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित