चंडीगढ़ , अक्टूबर 06 -- केन्द्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अक्टूबर से शुरू होने वाले नवरात्रों को लेकर तैयारियां तेज होगयी हैं। सेक्टर-47 स्थित कालीबाड़ी शिव बैकुंठ धाम मंदिर में नवरात्र के लिए विशेष रूप से दुर्गा और अन्य देवी-देवताओंकी मूर्तियां तैयार की जा रही हैं। मूर्तियां बनाने के लिए विशेष तौर पर बंगाल से कारीगर चंडीगढ़ पहुंचे हैं।
कारीगरों के अनुसार मूर्ति निर्माण का यह काम उनके परिवारों में पीढ़ियों से चला आ रहा है। बंगाल की पारंपरिक शैली में तैयार की जाने वाली इन मूर्तियों की उत्तर भारत में विशेष मांग है। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश समेत आसपास के राज्यों से लोग यहां मूर्तियां खरीदने पहुंचते हैं। कारीगरों का कहना है कि मूर्तियां पर्यावरण अनुकूल सामग्री से तैयार की जारही हैं।
मूर्तियों के आकार और डिजाइन के अनुसार उनकी कीमत तय होती है। दुर्गा जी की बड़ी और आकर्षक मूर्तियों की कीमत करीब 50 हजार रुपये तक पहुंचती है। कारीगरों ने बताया कि नवरात्र से पहले मूर्तियों की मांग बढ़ जाती है और कई लोग पहले से ही अपनी पसंद की मूर्ति बुक करा लेते हैं।
मंदिर में मूर्ति खरीदने पहुंचे लोगों का कहना है कि यहां बंगाल की पारंपरिक शैली में तैयार होने वाली मूर्तियां अलग पहचान रखती हैं। इसी वजह से वे विशेष तौर पर कालीबाड़ी मंदिर से मूर्ति खरीदकर ले जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित