चंडीगढ़ , मई 04 -- पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के उपलक्ष्य में प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर 33 में प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में भव्य जश्न मनाया गया।

बूथ से प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए और ऐतिहासिक जीत की खुशी साझा की।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू, पूर्व सांसद किरण खेर, हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी संजय टंडन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद विशेष रूप से उपस्थित रहे। नेताओं की मौजूदगी ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यकर्ताओं में गर्व और जोश साफ दिखाई दिया। सौदान सिंह ने कहा, ''अभी तो बंगाल जीता है, अब पंजाब की बारी है।''जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि बंगाल की जीत ने मनोबल बढ़ाया है और दिसंबर में चंडीगढ़ नगर निगम की सभी 35 सीटों पर जीतकर नया इतिहास रचना है।

सतनाम सिंह संधू ने कहा कि बंगाल की जीत ने देश में नई ऊर्जा भरी है और अब पंजाब में भी विजय पताका लहराने का समय है। जश्न में कार्यकर्ताओं ने पटाखे जलाए, आतिशबाजी की और पारंपरिक बंगाली व्यंजन झाल मुरी तैयार कर एक-दूसरे को खिलाया।

कार्यक्रम के दौरान ''भारत माता की जय'' और ''वंदे मातरम्'' के नारों से माहौल गूंजता रहा। नेताओं ने कहा कि भाजपा का संगठन जमीनी स्तर पर मजबूत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की असली ताकत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित