सिलीगुड़ी , अक्टूबर 06 -- उत्तरी बंगाल के दुआर और तराई क्षेत्रों में स्थित कई चाय बागानों के श्रमिकों ने मंगलवार को 20 प्रतिशत बोनस के भुगतान की मांग को लेकर अपना आंदोलन तेज कर दिया। श्रमिकों ने कई स्थानों पर जोरदार प्रदर्शन किए और राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर दिया, जिससे यातायात काफी समय तक बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निमिटी चाय बागान के साथ-साथ दुआर क्षेत्र के चिंचुला, सोनेगाछी और बनारहाट के कई अन्य चाय बागानों में श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कई स्थानों पर हस्तक्षेप किया और स्थानीय प्रशासन ने रिपोर्ट तैयार कर श्रम विभाग को भेजी।

इस विवाद की मुख्य वजह राज्य सरकार द्वारा चाय श्रमिकों को 20 प्रतिशत बोनस भुगतान करने के संबंध में जारी की गई सलाह को माना गया है। पिछली सरकार के कार्यकाल की तरह इस वर्ष भी यही सलाह जारी की गई थी। हालांकि, आर्थिक रूप से कमजोर माने जाने वाले चाय बागान इस दर पर भुगतान करने में असमर्थता जता रहे हैं।

कुछ चाय बागान जो लंबे समय से बंद थे, उन्हें नए प्रबंधन द्वारा पिछले बकाये का निपटारा कर पुनः चालू किया गया है। लेकिन ये नए प्रबंधन भी चालू वर्ष के लिए पूरा 20 प्रतिशत बोनस दे पाने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी ऐसे मामलों में प्रबंधन और श्रमिकों के बीच द्विपक्षीय वार्ता के बाद बोनस का दर 17, 15, 12 या 10 प्रतिशत तय की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित