चंडीगढ़ , अप्रैल 25 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एकतरफा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ उठाकर लाखों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
श्री सैनी ने शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि वह प्रदेश के राजा नहीं बल्कि किसान के बेटे हैं और खुद खेती कर चुके हैं। इसलिए वे किसानों की समस्याओं से भलीभांति परिचित हैं और उनके समाधान के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं के मंडियों के दौरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहा है जैसे उनके शासनकाल में किसान बेहद खुश थे। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ फैलाकर जनता को गुमराह कर रहा है, जबकि जनता सब समझती है।
पंजाब के मुद्दे पर श्री सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के समय किसानों का कर्ज माफी, रोजगार, नशामुक्ति और महिलाओं के लिए योजनाओं जैसे बड़े वादे किए थे लेकिन वे पूरे नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशा बढ़ा है और युवा इसकी चपेट में हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं और पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर इन योजनाओं को वहां भी लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयुष्मान चिरायु योजना के तहत हरियाणा में 27 लाख से अधिक परिवारों ने इलाज का लाभ उठाया है।
एक अन्य मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डी ग्रुप के 18 हजार कर्मचारियों की पदोन्नति को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है और इसके लिए विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया जाएगा।
कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशा मुक्ति केंद्रों और जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों को नशे से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित