लखनऊ , मई 9 -- उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब बंगाल में भी 'योगी मॉडल' के जरिए कानून का राज स्थापित होगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही राज्य में सुशासन के नए दौर की शुरुआत हो चुकी है। भाजपा नेता सुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उन्हें भगवा पटका पहनाना केवल एक सांस्कृतिक प्रतीक नहीं, बल्कि सुशासन और राष्ट्रवाद के नए संकल्प का संदेश है।

दानिश अंसारी ने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया, उसी तरह अब पश्चिम बंगाल में भी विकास और सुरक्षा का नया मॉडल लागू होगा। उन्होंने कहा कि भगवा अब बंगाल में सुशासन और विकास की नई पहचान बनेगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने अपने शासनकाल में हिंदू और मुस्लिम समाज के बीच खाई पैदा करने का काम किया। तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण राज्य में सामाजिक विभाजन बढ़ा और आम जनता को अत्याचार तथा भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ा।

राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में भी अपराध, दंगे, भ्रष्टाचार और माफियाओं का बोलबाला था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य में व्यापक बदलाव आया। अब उसी परिवर्तन की हवा पश्चिम बंगाल में भी दिखाई दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित