वाराणसी , मई 9 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शुभेंदु अधिकारी के बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के मौके पर वाराणसी में मां गंगा का पूजन और दुग्धाभिषेक किया गया।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के तत्वावधान में दशाश्वमेध घाट पर माँ गंगा का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन एवं दुग्धाभिषेक किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पिछड़ा वर्ग मोर्चा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल ने किया।

इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और हर्षोल्लास का वातावरण रहा। यह दिन सनातनी हिंदुओं के लिए गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक माना जा रहा है। 'हर हर महादेव' और 'गंगा मैया की जय' के उद्घोष से पूरा घाट गुंजायमान हो उठा।

क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनूप जायसवाल एवं क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सोमनाथ विश्वकर्मा ने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक अब भाजपा का परचम लहरा रहा है। बंगाल में लगभग 70 वर्षों बाद सनातन संस्कृति एवं हिंदू समाज को नई स्वतंत्रता और सम्मान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बंगाल प्रभारी भूपेन्द्र यादव, राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करते हुए कहा कि इनके नेतृत्व में राष्ट्रवाद एवं सनातन संस्कृति को नई शक्ति मिली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित