कोलकाता , अप्रैल 14 -- पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में मंगलवार सुबह उस समय तनाव बढ़ गया, जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार श्रीमती सोमा ठाकुर के काफिले में शामिल एक गाड़ी को एक तेज रफ़्तार मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। भाजपा ने इस घटना के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को जिम्मेदार ठहराया है।
यह घटना बगदाह विधानसभा क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित आरामडांगा में हुई, जब भाजपा उम्मीदवार सोमा ठाकुर एक जनसंपर्क कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं।
भाजपा के अनुसार पीछे से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनके काफिले में शामिल एक गाड़ी को जोरदार टक्कर मारी, जिससे गाड़ी का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके शीशे टूट गए। श्रीमती ठाकुर को हालांकि कोई चोट नहीं आई लेकिन टक्कर के जोरदार प्रभाव से उनके साथ चल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं में दहशत फैल गई।
भाजपा समर्थक जल्द ही घटनास्थल पर जमा हो गए और विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना उम्मीदवार को निशाना बनाने के लिए किया गया एक 'पहले से सोचा-समझा हमला' था। श्रीमती ठाकुर ने दावा किया कि वही इस हमले का असली निशाना थीं। उन्होंने आरोप लगाया, 'जब गाड़ी को टक्कर मारी गई, तब वह खड़ी थी। यह कोई दुर्घटना नहीं बल्कि मुझ पर हमला करने की एक जानबूझकर की गई कोशिश थी।" उन्होंने इस घटना के लिए सत्ताधारी तृणमूल को जिम्मेदार ठहराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित