कोलकाता , अक्टूबर 23 -- पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उससे जुड़े विभिन्न संगठनों की ओर से लगाये गये बुकस्टॉलों पर 2 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई।
भाजपा नेताओं के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पर लिखी गयी किताबें सबसे ज्यादा बिकीं। इनमें एक प्रशासक के रूप में मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर आधारित किताबें, डॉ. मुखर्जी की जीवनियां और उनके राजनीतिक दर्शन तथा कश्मीर मुद्दे में उनके योगदान पर लिखी किताबें शामिल हैं, जिनमें लोगों ने काफी दिलचस्पी दिखायी। प्रदेश भर में भाजपा और उससे जुड़े संगठनों ने लगभग 2,500 बुकस्टॉल लगाये थे, जिनमें से 200 से अधिक स्टॉल कोलकाता नगर निगम क्षेत्र में थे। त्योहार के दौरान लोगों तक पहुंचने के लिए इन स्टॉलों को प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों के पास लगाया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित