सिलीगुड़ी , सितंबर 13 -- पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में खांडुआ सीमा चौकी (बीओपी) के पास शनिवार को गंगा नदी में नाव पलटने के बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के 71वीं बटालियन के सतर्क जवानों ने तीन बच्चों, तीन महिलाओं और चार पुरुषों समेत 10 बंगलादेशी नागरिकों को बचा लिया।
सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। मालदा सेक्टर बीएसएफ के अनुसार, नाव शनिवार को अपराह्न में पलटी थी। इसके बाद सभी 10 लोग नदी में डूबने से बचने के लिए संघर्ष करते हुए दिखाई दिए। ये सभी बंगलादेश के चपाई के रहने वाले हैं।
बीएसएफ जवानों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बचाए गये लोगों में 30 दिन का एक नवजात भी शामिल था, जिसकी हालत गंभीर थी।
बीएसएफ जवानों ने नवजात को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया और उसे सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर मिले इलाज से उसकी हालत में सुधार हुआ। बाद में बच्चे को सुरक्षित अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बचाए गए सभी 10 बांग्लादेशी नागरिकों को बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के हवाले कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित