आसनसोल , जून 05 -- पश्चिम बंगाल में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के तहत पानागढ़ में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के अर्जन सिंह एयर फोर्स स्टेशन की ओर फुटेज रिकॉर्ड करने के आरोप में एक गैराज मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुजिस सूत्रों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से फुटेज रिकॉर्ड करने के लिए दस मीटर लंबे पाइप पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। जब आईएएफ अधिकारियों को इसके बारे में पता चला, तो उन्होंने कांक्शा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे और हार्ड डिस्क जब्त कीं और पाया कि फुटेज में पानागढ़ स्थित आईएएफ स्टेशन का मुख्य प्रवेश द्वार भी आ रहा था।

बाद में जांच के आधार पर गैराज मालिक मुन्ना पंडित और सीसीटीवी कैमरा लगाने वाले टेक्नीशियन संदीप दुबे को गिरफ्तार किया गया।

आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस कमिश्नर प्रणव कुमार खुद आरोपियों से पूछताछ करने के लिए कांक्शा पुलिस स्टेशन पहुंचे। उन्होंने रिकॉर्ड किए गए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।

गौरतलब है कि अर्जन सिंह एयर फोर्स स्टेशन भारतीय वायु सेना की ईस्टर्न एयर कमांड के तहत आने वाला एयर फोर्स बेस है। यह बेहद संवेदनशील जोन है और यहां बाहरी लोगों तथा आम नागरिकों के प्रवेश की अनुमति नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित