रांची , अप्रैल 07 -- कांग्रेस पार्टी ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए स्टार प्रचारक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

डॉ. अंसारी ने आज पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, मैं दल के विश्वास पर खरा उतरने के लिए दिन-रात एक कर दूंगा। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना और संगठन को मजबूत करना मेरी प्राथमिकता है। आने वाले समय में इसके सकारात्मक परिणाम जरूर देखने को मिलेंगे।

डॉ. अंसारी ने विशेष रूप से राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, के.सी. वेणुगोपाल, के. राजू एवं गुलाम अहमद मीर के प्रति आभार प्रकट किया, जिन्होंने झारखंड के नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सम्मान दिया। यह जिम्मेदारी निश्चित रूप से कांग्रेस पार्टी को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में नई मजबूती प्रदान करेगी और संगठन को और सशक्त बनाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित