कल्याणी , अक्टूबर 14 -- प्रदीप्त प्रमाणिक (तीन विकेट), आमिर गनी तथा सुमंता गुप्ता दो-दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (नाबाद 34) और अंकुर पॉल (38) की शानदार पारियों की बदौलत बंगाल ने बुधवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मुकाबले में दिल्ली को नौ विकेट से हरा दिया।
आज यहां दिल्ली ने दूसरी पारी में तीन विकेट से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में आमिर गनी ने अर्जुन रावत (39) को आउट कर बंगाल को चौथी सफलता दिलाई। यश ढुल (22) पांचवे और आयुष बदोनी (85) छठे विकेट के रूप में आउट हुये। इसके बाद बंगाल के गेंदबाजी आक्रमण के आगे दिल्ली के बल्लेबाज अधिक देर तक नहीं टिक सके। और उनकी पूरी टीम 106.2 ओवरों में 277 रन पर सिमट गई। देव लकरा (13), ऋतिक शौकीन (आठ), दिविज मेहरा (21) रन बनाकर आउट हुये। 107वें ओवर की दूसरी गेंद पर सुमंता गुप्ता ने सिमरजीत सिंह (11) रन को बोल्ड कर दिल्ली की दूसरी पारी का अंत कर दिया। इसी के साथ बंगाल को 89 रनों का लक्ष्य मिला।
बंगाल के लिए प्रदीप्त प्रमाणिक तीन विकेट, आमिर गनी तथा सुमंता गुप्ता दो-दो विकेट लिये। मोहम्मद शमी, आकाश दीप और मुकेश कुमार ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित