कोलकाता , मई 04 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा सीटों के लिए हो रही मतगणना के लिए कुल 292 रूझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दोपहर ढाई बजे तक 193 सीटों पर बढ़त बनाई हुयी है जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को केवल 94 सीटों पर ही बढ़त हासिल हुयी है। कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को केवल एक -एक सीट पर बढ़त मिली है।
दक्षिण कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित सीट भवानीपुर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की लीड अब पहले से कम हो गयी है। 12वें चक्र की मतगणना के बाद उनकी लीड 7184 मतों की रह गयी है। उनका मुकाबला भाजपा के शुभेंदु अधिकारी से है। इससे पहले वह 16,706 मतों के अंतर से आगे चल रही थीं।
पूर्वी मेदिनीपुर की नंदीग्राम सीट पर भाजपा के शुभेंदु अधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के पवित्र कर के बीच कांटे की टक्कर में अब श्री अधिकारी ने बाजी पलट दी है। आठवें चक्र की गणना के बाद वह 11051 मतों से आगे हो गए हैं।
बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के लिए सुखद खबर आ रही है। यहाँ नीलाद्रि शेखर दाना ने अपनी बढ़त को और विस्तार दिया है और वे अब 35,309 मतों के भारी अंतर से आगे चल रहे हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के डॉ. अनूप मंडल को काफी पीछे छोड़ दिया है, जिससे इस सीट पर भाजपा की जीत लगभग सुनिश्चित मानी जा रही है।
कोलकाता की बेलेघाटा सीट पर तृणमूल कांग्रेस के कुणाल कुमार घोष का दबदबा कायम है। वे 22,752 वोटों की ठोस लीड के साथ आगे चल रहे हैं। शहरी मतदाताओं के बीच तृणमूल की पकड़ इस सीट पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।
उत्तर बंगाल के प्रवेश द्वार सिलीगुड़ी में भाजपा के शंकर घोष ने बड़ी बढ़त बनाई है। वे रुझानों में 20,817 मतों से आगे चल रहे हैं। उत्तर बंगाल में भाजपा की यह बढ़त राज्य भर में पार्टी के मजबूत प्रदर्शन का हिस्सा है ।दार्जिलिंग जिले की फांसीदेवा सीट पर भाजपा के दुर्गा मुर्मू ने रिकॉर्ड बढ़त हासिल की है। वे अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 25,621 वोटों के विशाल अंतर से आगे चल रहे हैं। यह इस समय की सबसे बड़ी लीड वाली सीटों में से एक है।
कोलकाता की एंटली सीट पर तृणमूल कांग्रेस के संदीपन साहा ने अपनी पकड़ मजबूत रखी है। वे भाजपा की हाई-प्रोफाइल उम्मीदवार डॉ. प्रियंका टिबरेवाल से 20,636 वोटों के अंतर से आगे चल रहे हैं। औद्योगिक बेल्ट आसनसोल दक्षिण में भाजपा की अग्निमित्रा पॉल अपनी बढ़त बनाए हुए हैं। वे तृणमूल कांग्रेस के तापस बनर्जी से 19,946 मतों से आगे चल रही हैं, जो कोयलांचल में भाजपा के प्रभाव को दर्शाता है।
हुगली जिले की गोघाट सीट पर भाजपा के प्रशांत दिगार ने 17,414 वोटों की बढ़त बना ली है। उन्होंने तृणमूल के डॉ. निर्मल माजी को कड़े मुकाबले में पीछे धकेला है। जलपाईगुड़ी की धुपगुड़ी सीट पर भाजपा के नरेश रॉय अपनी लीड को बरकरार रखे हुए हैं। वे तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी से 14,688 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।
कूचबिहार की चर्चित सीट शीतलकुची में भाजपा की साबित्री बर्मन ने अपनी स्थिति मजबूत की है। वे रुझानों में 14,494 वोटों से आगे चल रही हैं। माथा भांगा सीट पर भाजपा के कद्दावर नेता निशिथ प्रामाणिक मजबूती से आगे बढ़ रहे हैं। वे अपने प्रतिद्वंद्वी से 13,093 मतों की लीड लिए हुए हैं। दिनहाटा विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा का बोलबाला दिख रहा है। यहाँ अजय राय 13,073 वोटों के अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं।
डाबग्राम-फुलबाड़ी सीट पर भाजपा की शिखा चटर्जी यहाँ 12,450 मतों की लीड के साथ आगे चल रही हैं। उत्तर बंगाल की इस सीट पर भाजपा की जीत की संभावनाएं प्रबल हैं। उत्तर 24 परगना की कमरहटी सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मदन मित्रा ने अपनी बढ़त बनाई हुई है। वे भाजपा उम्मीदवार से 11,200 वोटों से आगे चल रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित