कोलकाता , मार्च 29 -- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले एक नए फेरबदल में चुनाव आयोग ने रविवार को राज्य भर में प्रखंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) सहित 83 अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश दिया।

आयोग जारी आदेश के अनुसार, सबसे अधिक स्थानांतरण पूर्वी मिदनापुर जिले से हुए हैं, जहाँ 14 बीडीओ और एआरओ का तबादला किया गया है। नंदीग्राम में दो प्रखंड हैं जहाँ से बीडीओ को हटाया गया है। उल्लेखनीय है कि विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से चुनाव लड़ रहे हैं।

पूर्वी मिदनापुर के बाद दक्षिण 24 परगना का नंबर आता है, जहाँ 11 बीडीओ और एआरओ हटाए गए हैं। इसके अलावा, नदिया में पांच, उत्तर 24 परगना में सात, हुगली में चार, हावड़ा में एक, पश्चिम मेदिनीपुर में दो, पुरुलिया में तीन, बांकुरा में चार, पूर्व वर्धमान में सात, पश्चिम वर्धमान में एक और बीरभूम जिले में छह अधिकारियों का तबादला किया गया।

इसके अलावा, कूचबिहार से तीन, जलपाईगुड़ी से दो, दक्षिण और उत्तर दिनाजपुर से एक-एक, मालदा से छह और मुर्शिदाबाद से चार अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया। एक संबंधित घटनाक्रम में, राज्य सचिवालय 'नबन्ना' की एक अधिसूचना में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में चार रिटर्निंग अधिकारियों के स्थानांतरण की घोषणा की गई।

राज्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि यह आयोग पर निर्भर करता है कि इन अधिकारियों को कार्यभार संभालने की अनुमति दी जाएगी या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित