सिलीगुड़ी , अप्रैल 07 -- पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली के कुछ दिनों बाद, तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को तीखा पलटवार किया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजबंशी समुदाय के साथ वादाखिलाफी का आरोप लगाया।
पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन में नटाबाड़ी और तूफानगंज में प्रचार करते हुए श्री बनर्जी ने श्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, "धर्म का राजनीतिकरण करने वालों ने रास मेला मैदान में रैली को संबोधित किया, लेकिन पास के मदनमोहन मंदिर जाने पर विचार तक नहीं किया।"केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना श्री बनर्जी ने आरोप लगाया कि राजबंशी समुदाय से किए गए वादे आज भी अधूरे हैं। उन्होंने नारायणी बटालियन, चिलाराय के नाम पर एक प्रशिक्षण केंद्र, ठाकुर पंचानन बर्मा के लिए एक संग्रहालय, चिलाराय की प्रतिमा की स्थापना, राजबंशी स्कूलों और एक केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे आश्वासनों का हवाला देते हुए कहा कि 'इनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ।'मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य सरकार की पहलों पर प्रकाश डालते हुए तृणमूल महासचिव ने कहा कि पश्चिम बंगाल ने 19 फरवरी, 2026 को केंद्र को पत्र लिखकर राजबंशी भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की थी।
श्री बनर्जी ने भाजपा पर राजबंशी लोगों को 'बंगलादेशी' बताकर उनका अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में बंगाली बोलने के कारण कई लोगों को उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
नोटबंदी और अन्य उपायों का जिक्र करते हुए श्री बनर्जी ने कहा कि लोगों को बार-बार कतारों में खड़ा किया गया। उन्होंने मतदाताओं से '23 अप्रैल को इसका करारा जवाब देने' का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित