सिलीगुड़ी , अप्रैल 06 -- तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पाकिस्तान की ओर से कोलकाता को लेकर दिए गए "उकसावे वाले बयान" पर दोनों नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाए।
मालदा जिले के चांचल और हरिश्चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए श्री बनर्जी ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के बयान के बावजूद केंद्र सरकार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि इंडिया गठबंधन केन्द्र में सत्ता में आता है, तो वह निर्णायक कदम उठाएगा। साथ ही, उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को वापस लेने के मुद्दे पर केंद्र सरकार की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाया और कहा कि इस दिशा में कोई भी पहल होगी तो तृणमूल कांग्रेस उसका समर्थन करेगी।
श्री बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची में बदलाव को लेकर भारत निर्वाचन आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि "बाहरी लोग" राज्य के निवासियों के अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि मालदा और मुर्शिदाबाद में कई लोगों के नाम मनमाने ढंग से मतदाता सूची से हटाए गए हैं और करीब 1.8 लाख नाम अभी जांच के दायरे में हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों को न्याय मिलेगा और उनकी शिकायतों को ट्रिब्यूनल तक पहुंचाया जा रहा है।
श्री बनर्जी ने 21 अप्रैल के बाद सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अन्य राज्यों के लोग चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने भाजपा पर इस तरह के प्रयासों का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि "आजादी के बाद पहली बार लोगों को अपनी नागरिकता साबित करने के लिए लाइन में खड़ा होना पड़ रहा है," और सवाल किया कि क्या देश किसी की निजी संपत्ति है।
उन्होंने मालदा की 12 विधानसभा सीटों पर क्लीन स्वीप का लक्ष्य रखते हुए दावा किया कि इससे तृणमूल कांग्रेस 250 से अधिक सीटें जीत सकती है और भाजपा 50 सीटों के नीचे सिमट जाएगी।
श्री बनर्जी ने कहा कि मतदान के जरिए जनता "उचित जवाब" देगी और 4 मई को नतीजों के साथ यह स्पष्ट हो जाएगा।
दिनभर के कार्यक्रम में उन्होंने मुर्शिदाबाद के जालंगी और डोमकल क्षेत्रों में भी प्रचार किया और बाद में सिलीगुड़ी में पार्टी नेता गौतम देव के समर्थन में रैली को संबोधित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित