कोलकाता , मई 16 -- पश्चिम बंगाल में कोलकाता पुलिस ने गार्डनरीच इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने भबानीपुर थाना को एक नकली ईमेल भेजकर दावा किया था कि राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की हत्या की साजिश रची गयी है।
पुलिस ने लालबाजार में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आरोपी हसनेम इकबाल को 14 मई को ईमेल मिलने के दो दिन के अंदर गिरफ्तार कर लिया गया है।
गौरतलब है कि ईमेल में दावा किया गया था कि आतंकवादी संगठन अल कायदा से जुड़ी एक महिला मुख्यमंत्री को आत्मघाती हमले में मारने की योजना बना रही है और उसके लिए बम तैयार कर रही है। भबानीपुर थाना में धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी और गार्डनरीच थाना की मदद से जांचकर्ताओं ने भेजने वाले का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने पूछताछ के दौरान माना कि ईमेल में किए गए दावे झूठे थे। पुलिस के मुताबिक ईमेल में जिस महिला का नाम है, उसका आरोपी से निजी झगड़ा था, जिसने बदले की भावना से उसे फंसाने के लिए मनगढ़ंत धमकी का अलर्ट भेजने की कोशिश की। पुलिस ने कहा कि आरोपी ने पहले भी कई राजनीतिक हस्तियों से जुड़े ऐसे ही फेक ईमेल भेजे थे।
गौरतलब है कि पहले भी चुनाव आयोग कार्यालय को अनाम ईमेल भेजे गए थे।
कोलकाता पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में गलत जानकारी फैलाने या फेक धमकी वाले ईमेल भेजने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कामों में शामिल लोगों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा, चाहे इसमें कितना भी समय लगे। पुलिस ने यह भी कहा कि इस घटना के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बड़ी जीत के बाद 9 मई को श्री शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित