सिलीगुड़ी , अक्टूबर 01 -- पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी में गुरुवार को एक प्राथमिक विद्यालय में उस समय अफरातफरी मच गयी, जब क्लास चलने के दौरान एक ज़हरीला कोबरा कक्षा में घुस गया।
यह घटना जलपाईगुड़ी ज़िले के धूपगुड़ी ब्लॉक के बोरागारी-1 बीएफपी प्राथमिक विद्यालय में हुई, जहां सांप देखते ही विद्यार्थी कक्षा से भागने लगे। शिक्षकों ने तुरंत विद्यार्थियों को बगल वाले कक्षा में पहुंचाया और उस कमरे को बंद कर दिया, जहां सांप एक कोने में कुंडली मारकर बैठा था। इस घटना की जानकारी 'डुआर्स नेचर एंड स्नेक लवर्स ऑर्गनाइज़ेशन' के सदस्यों को दी गयी।
पर्यावरण कार्यकर्ता भजन साहा संगठन के अन्य सदस्यों के साथ विद्यालय पहुंचे। संगठन के सदस्य रोनी चौधरी के अनुसार सांप दो घंटे से ज़्यादा समय तक तीसरी और चौथी कक्षा के बीच घूमता रहा जिससे सामान्य क्लास में बाधा उत्पन्न हुई।
इस घटना ने उत्तरी बंगाल के डुआर्स और उससे सटे तराई इलाकों में लोगों और सांपों के बीच अक्सर होने वाली आमना-सामना की ओर भी ध्यानाकर्षित किया है। आलू की खेती के लिए मशहूर अहम कृषि क्षेत्र धूपगुड़ी, डुआर्स के जंगली इलाकों के पास स्थित है, जहां सांपों का दिखना सामान्य बात है। इस इलाके के रिहायशी इलाकों, स्कूलों और इंसानी बस्तियों से ज़हरीले सांपों (जैसे किंग कोबरा) को बचाने के लिए अक्सर सांप पकड़ने वालों और पर्यावरण समूहों को बुलाया जाता है। डुआर्स और उसके आस-पास के कई इलाकों में इस तरह का बचाव अभियान आम बात हो गया है।
धूपगुड़ी के प्राथमिक विद्यालय से बचाये गये कोबरा की लंबाई लगभग साढ़े चार फीट थी। बाद में उसे सुरक्षित ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित