कोलकाता , जून 11 -- पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर शहर में ज़मीन के नीचे से भारी मात्रा में दवाएं मिलने का मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की चर्चित हेल्थकेयर पहल 'सेवाश्रय' को आपूर्ति की गई दवाओं का पूर्ववर्ती ममता सरकार ने गलत इस्तेमाल किया था।

दक्षिण 24 परगना ज़िले के हिंचेबेरिया में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर जेसीबी मशीन से ज़मीन की खुदाई करने पर ये दवाएं बरामद हुईं। घटनास्थल की तस्वीरों में मिट्टी के नीचे से दवाइयों के कार्टन और पैकेट निकलते हुए दिखाई दिए जिससे मेडिकल सप्लाई के प्रबंधन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी के आरोप लगे हैं।

दवाइयां मिलने की सूचना प्राप्त होने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी वहां पहुंचे। अधिकारियों ने इस बात का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि दवाइयां कहां से आईं, उन्हें कैसे दबाया गया था और क्या दवाओं के स्टोरेज एवं वितरण से जुड़े नियमों का उल्लंघन किया गया है।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि बरामद की गई दवाएं 'सेवाश्रय' कार्यक्रम से जुड़ी थीं। यह स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा एक कार्यक्रम था जिसमें तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर के लोगों को मुफ्त चिकित्सा सेवाएं दी गई थीं।

भाजपा नेता और पिछले लोकसभा चुनाव में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पार्टी के उम्मीदवार अभिजीत दास (बॉबी) ने दावा किया कि बरामदगी से गंभीर अनियमितताओं का पता चलता है।श्री दास ने कहा, "हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जानकारी मिली कि उस जगह पर दवाइयां फेंकी गई थीं। हमने पुलिस एवं प्रशासन को इसकी सूचना दी। जो बात सामने आई है वह एक गंभीर मामला है। देश में ऐसी घटना शायद ही कभी देखी गई हो। भारी मात्रा में दवाइयां बरामद की गई हैं, जिनके बारे में कहा जा रहा है कि इनका इस्तेमाल सेवाश्रय कैंपों में किया जाता था।"उन्होंने कहा कि इनमें से कई दवाओं की एक्सपायरी डेट में अभी भी एक से दो साल बाकी है। श्री दास ने आगे आरोप लगाया कि आम लोगों के लिए बनी दवाओं को बांटने के बजाय फेंक दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा ने सेवाश्रय कैंपों के कामकाज को लेकर बार-बार चिंता व्यक्त की थी लेकिन उस समय तृणमूल सरकार ने उनके आरोपों को नज़रअंदाज़ कर दिया।

भाजपा ने ड्रग कंट्रोल अधिकारियों को जानकारी दी है और इस मामले की पूरी जांच की मांग की है। पार्टी ने उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है जो कथित रूप से दवाएं फेंकने के लिए जिम्मेदार हैं। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं या 'सेवाश्रय' कार्यक्रम के आयोजकों की ओर से इस पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अधिकारियों ने कहा कि जांच चल रही है और आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित