जयपुर , मई 04 -- केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक जीत को संपूर्ण भारतवर्ष के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताते हुए कहा है कि पश्चिम बंगाल में आए जनादेश ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा को प्राथमिकता देना चाहती है।
श्री शेखावत पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन उतना ही महत्वपूर्ण है, जितना कश्मीर से अनुच्छेद 370 का हटना। उन्होंने कहा कि बंगाल की भौगोलिक स्थिति बेहद महत्वपूर्ण है। एक ओर बंगाल की खाड़ी से जुड़ी लंबी तटीय सीमा तो दूसरी ओर नेपाल, भूटान और बंगलादेश से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं। ऐसे में इस क्षेत्र की स्थिरता और सुरक्षा पूरे देश के लिए अहम हो जाती है।
श्री शेखावत ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में, सीमावर्ती क्षेत्रों में सतर्कता, बेहतर प्रशासन और मजबूत नीतियां समय की आवश्यकता हैं। बंगाल की जनता ने जिस विश्वास के साथ अपना निर्णय दिया है, वह एक सकारात्मक बदलाव पर यकीन को दर्शाता है। यह जनादेश केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि एक नई दिशा तय करने का संकेत है जहां विकास, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता मिले।
उन्होंने कहा कि बंगाल का इतिहास गौरवशाली रहा है। कभी यही क्षेत्र व्यापार और संस्कृति का केंद्र था, जहां से ईस्ट इंडिया कंपनी ने अपनी जड़ें मजबूत की थीं। आशा है कि यह नया अध्याय राज्य को प्रगति, समृद्धि और स्थिरता की ओर ले जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित