पटना , मई 4 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सोमवार को कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की अभूतपूर्व जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुशल संगठनात्मक मार्गदर्शन का परिणाम है।
श्री सरावगी ने कहा कि इन राज्यों खासकर बंगाल की जनता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक 'विकसित बंगाल' चाहती है। उन्होंने कहा कि यह मात्र एक चुनावी सफलता नहीं, बल्कि लोगों का श्री मोदी के नेतृत्व में भरोसा है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी रणनीति ने भाजपा के इस विजय को साकार किया है।
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा तथा गठबंधन की अभूतपूर्व और ऐतिहासिक जीत के बाद बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। इस जीत की खुशी में प्रदेश कार्यालय में मिठाइयाँ और झालमुड़ी बांटी गईं और कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी जश्न में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित