चेन्नई , अक्टूबर 23 -- बंगाल की खाड़ी के ऊपर तीन दिनों में दूसरा नया कम दबाव क्षेत्र बन गया है, जिससे तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून की बारिश और तेज हो गयी है।

राज्य के कई जिले पहले ही जबरदस्त बारिश की चपेट में हैं और दक्षिणी जिलों में बारिश का सबसे ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है। इस बीच, यह नया सिस्टम और अधिक गंभीर होकर 26 अक्टूबर, सोमवार तक एक चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा।

सोमवार को चक्रवाती तूफान बनने के बाद, बंगलादेश के सुझाये नाम के अनुसार इसे 'अर्णब' कहा जायेगा। इससे हालांकि तमिलनाडु पर कोई खास प्रभाव पड़ने के आसार नहीं हैं, क्योंकि अगले दो दिनों में इसके उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट की ओर बढ़ने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार दोपहर को एक विशेष बुलेटिन में बताया कि दक्षिण-पूर्व और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव के तहत आज सुबह 05:30 बजे पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव क्षेत्र बन गया है।

कम दबाव क्षेत्र के उसी क्षेत्र में बने रहने और कल विक्षोभ में तब्दील होने की पूरी संभावना है। इसके बाद, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और रविवार को एक गहरे विक्षोभ तथा 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का प्रबल अनुमान है। इसके बाद इसके और अधिक तीव्र होने तथा अगले दो दिनों के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तटों की ओर बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और तमिलनाडु के आसपास के क्षेत्रों में कल बना कम दबाव क्षेत्र आज कोमोरिन क्षेत्र और दक्षिण तमिलनाडु तथा केरलम के आसपास के क्षेत्रों के ऊपर केंद्रित है, जिससे कई दक्षिणी जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है और कई बांध लबालब भर चुके हैं।

लगातार आ रहे इन सिस्टमों के कारण, तमिलनाडु में पहले से ही अधिक सक्रिय और जोरदार चल रहा पूर्वोत्तर मानसून अब और अधिक तीव्र हो गया है तथा बारिश के और अधिक तेज होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने दक्षिणी, दक्षिण तटीय और पश्चिमी घाट क्षेत्रों में अधिक से बहुत अधिक बारिश की भविष्यवाणी की है और 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। इसके अलावा, 26 अक्टूबर तक उत्तर तटीय, आंतरिक और कावेरी डेल्टा जिलों में भी जबरदस्त बारिश का अनुमान जताया गया है।

आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों के और बढ़ने के पूर्वानुमान के मद्देनजर तमिलनाडु सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए अपनी पूरी मशीनरी तैयार कर ली है।

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने आज राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष का दौरा किया और सभी जिलों में किये गये एहतियाती उपायों की समीक्षा की। उन्होंने निचले इलाकों से निकाले गए लोगों को ठहराने के लिए खोले गये राहत केंद्रों की संख्या, बुनियादी सुविधाओं, राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ तथा एसडीआरएफ टीमों की तैनाती, कृषि एवं खड़ी फसलों के साथ-साथ अन्य बागवानी फसलों पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव और चेन्नई तथा उसके उपनगरों के जल-जमाव वाले संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया।

श्री विजय ने वीडियो-कांफ्रेंसिंग के जरिए 16 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ की गयी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की और उन्हें मानसून के कहर से निपटने के लिए सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित