कोलकाता , अक्टूबर 11 -- पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने शनिवार को राज्य में दो अलग-अलग स्थानों पर छापे मारकर छह लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से लगभग 90 किलोग्राम गांजा तथा एक किलोग्राम ब्राउन शुगर जब्त किये।
पहली कार्रवाई में एसटीएफ की मादक द्रव्य-रोधी कार्य बल (एएनटीएफ) ने उत्तर 24 परगना के निमता थाना क्षेत्र से पांच लोगों को गिरफ्तार कर करीब 44.5 लाख रुपये मूल्य का 90 किलोग्राम गांजा बरामद किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके से पांच लाख रुपये नकद और तीन वाहन भी जब्त किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि गिरफ्तार लोगों में से दो ओडिशा के रहने वाले हैं और गांजे की आपूर्ति करने आए थे, जबकि बाकी तीन पर मादक पदार्थ रखने और उसका सेवन करने का आरोप है।
एक अन्य कार्रवाई में एसटीएफ ने खुफिया जानकारी के आधार पर दार्जिलिंग जिले के बागडोगरा थाना क्षेत्र में छापा मारकर नक्सलबाड़ी थाना क्षेत्र के एक निवासी को गिरफ्तार किया। उसके पास से लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य की एक किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
एसटीएफ ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है, ताकि जब्त मादक पदार्थों के स्रोत और उनकी आपूर्ति के ठिकानों का पता लगाया जा सके तथा तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित