मिदनापुर , सितंबर 15 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने छह अक्टूबर को होने वाले विधानसभा उपचुनाव से पहले मंगलवार को नंदीग्राम और रेजीनगर के अल्पसंख्यक मतदाताओं से भाजपा को वोट देने की अपील की और कहा कि उन्हें तय करना होगा कि वे "सरकार के साथ रहना" चाहते हैं और भाजपा के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं या नहीं।

हल्दिया में भाजपा उम्मीदवार हसीरानी रथ के नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उनके साथ रहे श्री अधिकारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि छह अक्टूबर दोनों क्षेत्रों के अल्पसंख्यक मतदाताओं के लिए "परीक्षा" होगी।

उन्होंने कहा, "अगर आप सरकार के साथ, मुख्यमंत्री के साथ रहना चाहते हैं और साथ मिलकर काम करना चाहते हैं तो छह अक्टूबर आपकी परीक्षा है। मैं फैसला आप पर छोड़ता हूं कि आप पास होना चाहते हैं या फेल।"पूर्व मेदिनीपुर का नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद का रेजीनगर दोनों ही बड़ी अल्पसंख्यक आबादी वाले क्षेत्र हैं। रेजीनगर सीट ऑल इंडिया यूनाइटेड प्रोग्रेसिव (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर द्वारा रेजीनगर और नौदा दोनों सीटों पर जीत के बाद रेजीनगर सीट छोड़ने से खाली हुई। नंदीग्राम में उपचुनाव श्री अधिकारी द्वारा सीट छोड़कर भवानीपुर सीट बरकरार रखने के कारण जरूरी हुआ, जहां उन्होंने विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को हराया था।

भाजपा की बड़ी जीत का दावा करते हुए श्री अधिकारी ने कहा, "मैं जानता हूं कि चुनाव कैसे कराये जाते हैं और मुझे पता है कि वोट कैसे हासिल किये जाते हैं। भाजपा नंदीग्राम में इतने बड़े अंतर से जीतेगी, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी।"उन्होंने नंदीग्राम में पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार के दौरान कथित अत्याचार और झूठे मामलों का सामना करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें काम, भोजन और आवास उपलब्ध कराना उनकी जिम्मेदारी होगी।

श्री अधिकारी ने आरोप लगाया कि उनके पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ की हत्या उन्हें विपक्ष के नेता के रूप में मदद करने के "सबसे बड़े अपराध" के कारण की गयी थी।

श्री अधिकारी ने यह भी दावा किया कि नंदीग्राम में हजारों परिवारों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच चुका है। इनमें अन्नपूर्णा योजना के तहत आर्थिक सहायता और आवास संबंधी सहायता शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नंदीग्राम-हल्दिया पुल के लिए सरकार ने 100 करोड़ रुपये के शुरुआती बजट प्रावधान के साथ कदम उठाये हैं।

उन्होंने नामांकन प्रक्रिया के लिए एसडीओ कार्यालय की ओर कार्यकर्ताओं का नेतृत्व करते हुए उन्हें तेज गर्मी से विचलित नहीं होने की बार-बार अपील की। नंदीग्राम और रेजीनगर में उपचुनाव छह अक्टूबर को होंगे और मतगणना नौ अक्टूबर को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित