बर्दवान , जून 20 -- पूर्व बर्दवान के कालना और नदिया जिले के शांतिपुर को जोड़ने वाले भागीरथी नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण के लिए राज्य सरकार ने 1800 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं।
राज्य विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन इस आवंटन की घोषणा के बाद कालना क्षेत्र में खुशी का माहौल देखा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर मिठाइयां बांटकर इसका स्वागत किया।
कालना के विधायक सिद्धार्थ मजूमदार ने कहा कि चुनाव के दौरान उन्होंने पुल निर्माण कार्य शुरू कराने का वादा किया था और अब इसके लिए धन आवंटित कर दिया गया है।
यह पुल लंबे समय से क्षेत्र का प्रमुख चुनावी मुद्दा रहा है। वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी इसके निर्माण की घोषणा की थी, लेकिन धन की कमी के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी थी।
अधिकारियों के अनुसार परियोजना के लिए आवश्यक भूमि का अधिकांश हिस्सा अधिग्रहित किया जा चुका है और मिट्टी परीक्षण का कार्य भी पूरा हो चुका है। स्थानीय लोगों का मानना है कि पुल बनने से दोनों जिलों के बीच आवागमन सुगम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित