कृष्णानगर , मई 12 -- पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में मंगलवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-12 और उससे सटे इलाकों में कुछ घंटों के भीतर हुई दो भीषण सड़क दुर्घटनाओं में पांच वर्षीय बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गयी, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए।

इन हादसों में की चपेट में एक तीर्थयात्रा से लौट रहा यात्री वाहन और एक मोटरसाइकिल पर जा रहा परिवार आ गया। घटनाओं ने एक बार फिर रात के समय राजमार्गों पर भारी वाहनों की लापरवाह आवाजाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली दुर्घटना शांतिपुर थाना क्षेत्र के फुलिया चटकतला इलाके में हुई, जहां सोमवार आधी रात के आसपास एक डंपर ट्रक ने कथित रूप से यात्रियों से भरे मैक्स वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 15 लोग घायल हो गए।

मृतकों की पहचान गौतम सिंह, नारायण सरकार और श्राबंती सिंह के रूप में की गई है। तीनों रानाघाट उपखंड के धनतला क्षेत्र अंतर्गत दौला इलाके के निवासी थे। पुलिस के अनुसार मृतकों की आयु 40 से 45 वर्ष के बीच थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार 20 से 25 ग्रामीण पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के जमालपुर में मनसा पूजा करने गए थे। पूजा संपन्न करने के बाद सभी राष्ट्रीय राजमार्ग-12 से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मैक्स वाहन राजमार्ग पर पलट गया और कई यात्री उसके नीचे फंस गए।

एक व्यक्ति की वाहन के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि दो अन्य ने बाद में दम तोड़ दिया। घटना के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोग तथा राहगीर पुलिस पहुंचने से पहले घायलों को बचाने में जुट गये।

घायलों को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया, बाद में उन्हें रानाघाट उप मंडलीय अस्पताल भेजा गया। कई घायलों की हालत गंभीर बतायी गयी है।

शांतिपुर थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, चालक की थकान या लापरवाह ड्राइविंग के कारण हुई या नहीं।

धनतला-दौला क्षेत्र के ग्राम पंचायत सदस्य उत्तम सरकार ने कहा कि इस घटना से पूरा गांव सदमे में है। उन्होंने कहा, "सभी लोग एक साथ जमालपुर पूजा करने गए थे। किसी ने नहीं सोचा था कि घर वापसी इतनी दुखद होगी।"पहली दुर्घटना का सदमा अभी कम भी नहीं हुआ था कि रानाघाट के निकट चूर्णी नदी पुल क्षेत्र में एक और हादसा हो गया, जहां मोटरसाइकिल पर जा रहा तीन सदस्यों वाला परिवार एक 10 पहिया ट्रक की चपेट में आ गया।

मृतकों की पहचान 47 वर्षीय सुजल घोष, उनकी पत्नी छाया घोष और पांच वर्षीय पुत्र संदीप घोष के रूप में हुई है। परिवार बेलघरिया-1 ग्राम पंचायत अंतर्गत फुलिया पाड़ा (निमतला) का निवासी था।

सूत्रों के अनुसार परिवार बोंगांव गया हुआ था और देर रात घर लौटते समय पुल पर उनकी मोटरसाइकिल की भारी वाहन से टक्कर हो गई, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित