तारापीठ , अगस्त 17 -- पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ स्थित होटल में लगी आग में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गयी है, जिनमें अलीपुरद्वार के चार निवासियों के भी शिकार होने की आशंका जतायी जा रही है।

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तीर्थ स्थल तारापीठ में चार मंजिला 'बिदेशिनी लॉज' में भीषण आग लग गयी, जिससे कम से कम नौ लोगों की मौत हो गयी और कई श्रद्धालु घायल हो गये। यह हादसा तड़के उस समय हुआ जब पवित्र श्रावण महीने के अंतिम सोमवार को पूजा-अर्चना करने के लिए एकत्र हुए दर्जनों श्रद्धालु भीषण आग की चपेट में आ गये।

तारापीठ पुलिस स्टेशन के ठीक पास स्थित होटल के ग्राउंड-फ्लोर पर बने रिसेप्शन एरिया में तड़के 4:30 बजे से 5:00 बजे के बीच आग भड़क उठी। अलीपुरद्वार के निवासियों और पड़ोसियों के मुताबिक, मृतकों में वार्ड सात के निवासी एवं एलआईसी एजेंट सुबीर साहा, तपसीखाता के चालक कमल राय, दवा कारोबारी व वार्ड छह के निवासी अमित पाल और वार्ड 14 के निवासी राजेश शर्मा के शामिल होने की आशंका है।

बताया जाता है कि चारों दोस्त थे और कार से एक साथ तारापीठ की यात्रा पर आये थे। जानकारी के मुताबिक कमल राय वाहन चला रहे थे।

इस रिपोर्ट से उनके परिजन और पड़ोसी गहरे सदमे में हैं। रिश्तेदार और स्थानीय निवासी उनके घरों पर जमा हैं और पीड़ित परिवारों को ढांढ़स बंधा रहे हैं। प्रभावित परिवारों में से दो के सदस्य शवों की पहचान करने और उन्हें वापस लाने के लिए थोड़ी देर पहले एम्बुलेंस से तारापीठ के लिए रवाना हो गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित