कोलकाता , मई 24 -- कोलकाता के ऐतिहासिक रेड रोड के बदले अब ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर ईद की वार्षिक सामूहिक नमाज होगी। राज्य सरकार ने नमाज के लिए इस नये स्थल को आधिकारिक मंजूरी दी है।

सूत्रों के अनुसार, यह फैसला मुख्य रूप से सुरक्षा कारणों से लिया गया है। वर्षों से विशेष रूप से तृणमूल शासन के दौरान रेड रोड ईद की नमाज के लिये बंगाल के सबसे प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक बन चुका था,हर ईद की सुबह इस आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति स्थापित राजनीतिक और सामाजिक परंपरा बन गयी थी। हाल के वर्षों में तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी उनके साथ इस कार्यक्रम में शामिल होने लगे थे। प्रशासनिक सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि आयोजन स्थल में यह बदलाव महज सरकार बदलने का परिणाम नहीं है। रेड रोड भारतीय सेना के नियंत्रण में आता है और वहां किसी भी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए फोर्ट विलियम अधिकारियों से अनुमति की आवश्यकता होती है।

सेना के सूत्रों के अनुसार, ईद के इस सामूहिक आयोजन के आयोजक 'खिलाफत कमेटी' को पिछले साल ही सूचित कर दिया गया था कि रणनीतिक सुरक्षा चिंताओं के कारण रेड रोड पर नमाज की अनुमति अब और नहीं दी जा सकती।

तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हालांकि विशेष अनुरोध किया था। इसके बाद 'एक अंतिम बार' के लिए अनुमति दे दी गयी थी। इस साल ऐसा कोई हस्तक्षेप न होने के कारण राज्य सरकार ने नागरिकों के अपने धर्म का स्वतंत्र रूप से पालन करने के संवैधानिक अधिकार के मद्देनजर वैकल्पिक व्यवस्था की है। नबन्ना (राज्य सचिवालय) ने इसी के तहत ईद की सामूहिक नमाज के लिए ब्रिगेड परेड ग्राउंड को मंजूरी दे दी है और आयोजकों से पहले से तैयारी करने को कहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित