बांकुड़ा,09 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के खातरा इलाके में मंगलवार रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा जानलेवा साबित हुआ और इस झगड़े में पत्नी की मौत हो गयी और पति जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

इस झगड़े में धनंजय सरदार (35) नाम के शख्स ने पत्नी कविता सरदार (33) पर कई बार चाकू से हमला किया और पत्नी ने भी चाकू से पलटवार किया जिससे पति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने परिवार की मदद से दोनों को पहले खातरा अस्पताल और फिर बांकुड़ा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया।

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कविता की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है और उसी अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।

पुलिस के अनुसार, कल शाम खातरा हाई स्कूल मार्केट के पास घर में दोनों ने धारदार हथियारों से एक-दूसरे पर हमला किया। स्थानीय लोगों ने कविता को घर के अंदर खून से लथपथ हालत में पाया। उसके सिर, गर्दन और हाथ पर जख्म थे, जबकि धनंजय बाहर घायल अवस्था में पड़ा था।

पुलिस ने बताया कि इस जोड़े की शादी दस साल पहले हुई थी और उनकी एक बेटी है। शादीशुदा जिंदगी में अनबन के कारण कविता कुछ महीनों से अलग रह रही थी।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित