कोलकाता , मई 20 -- पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार को होने वाले पुनर्मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं।
चुनाव आयोग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आयोग ने बताया कि मतदान से पूर्व सभी मतदान कर्मियों की तैनाती और सामग्री वितरण की प्रक्रिया फाल्टा स्थित डिस्पर्सल सेंटर से सुचारु रूप से पूरी की जा रही है। मतदान दलों को समय पर बूथों की ओर रवाना किया जा रहा है।
चुनाव आयोग के अनुसार मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गयी है। पूरे क्षेत्र में स्थिति पर सतत नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
आयोग ने कहा कि पुनर्मतदान को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाये गये हैं।
उल्लेखनीय है कि फाल्टा में 23 अप्रैल को हुए मतदान के बाद चुनाव आयोग को कुछ मतदान केंद्रों पर अनियमितताएं की शिकायतें मिली थीं। इसी कारण आयोग ने इस सीट पर पुनर्मतदान की घोषणा की थी। फाल्टा का पुनर्मतदान इसलिए भी दिलचस्प हो गया है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से अपना नाम वापस लेने की घोषणा कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित