झाड़ग्राम/आसनसोल , मई 22 -- पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 10 रुपये की झालमुड़ी खिलाने वाले एक दुकानदार को कथित तौर पर पाकिस्तान और बांग्लादेश से जान से मारने की धमकी भरे फोन कॉल और संदेश मिल रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने विक्रम शॉ की 'छबनलाल स्पेशल झालमुड़ी' नामक दुकान से झालमुड़ी का स्वाद लिया था और नकद भुगतान भी किया था। प्रधानमंत्री ने अपने चुनावी दौरे के दौरान 'बिहारीबाबू' की बनायी झालमुड़ी की काफी तारीफ की थी। विक्रेता विक्रम शॉ ने झाड़ग्राम थाने में जान से मारने की धमकियाँ मिलने के बाद शिकायत दर्ज कराई है। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुकान के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

प्रधानमंत्री के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर 10 करोड़ से ज़्यादा बार साझा होने के बाद विक्रम शॉ रातों-रात चर्चा में आ गए थे। इसके बाद उनके और उनके परिवार के पास देश भर से लगातार फोन आने लगे और दुकान पर रील बनाने वाले यूट्यूबर्स की भीड़ लग गई। उस समय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों को भी तैनात करना पड़ा था। गौरतलब है कि 19 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला सड़क मार्ग से लौटते समय झाड़ग्राम शहर के राज कॉलेज मोड़ के पास रुका था, जहाँ उन्होंने इस दुकान से झालमुड़ी खरीदी थी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भाजपा को 207 सीटें मिलने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने कई जगहों पर झालमुड़ी बांटकर और खाकर जीत का जश्न मनाया था। यहाँ तक कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी सोशल मीडिया पर झालमुड़ी खाते हुए अपनी एक तस्वीर पोस्ट की थी। लेकिन अब प्रधानमंत्री के लिए झालमुड़ी तैयार करने वाले विक्रम शॉ बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं।

रिपोर्टों के अनुसार, बिहार के मूल के निवासी विक्रम शॉ को पाकिस्तान और बांग्लादेश से लगातार धमकी भरे टेक्स्ट और व्हाट्सएप संदेश मिल रहे थे। शुरुआत में उन्होंने इसे नज़रअंदाज़ किया, लेकिन बाद में झाड़ग्राम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच कर रही है। प्रधानमंत्री के आने के बाद से दुकान पर ग्राहकों की भीड़ और बिक्री कई गुना बढ़ गई थी, जिसके चलते पुलिस की निगरानी पहले से ही थी, लेकिन अब सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित