जयपुर , मई 04 -- पश्चिम बंगाल, असम और पुड्डुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एवं उसके राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ऐतिहासिक जीत पर सोमवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंत्रिपरिषद के सदस्यों और संगठन के पदाधिकारियों ने झालमुड़ी का स्वाद चखकर जश्न मनाया।

इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री निवास पर यह जश्न मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने भारी जनादेश देकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास जताया है। भाजपा के विकास और सुशासन का मजबूत संकल्प है। उन्होंने प्रधानमंत्री, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन एवं केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित सभी कार्यकर्ताओं को इस अभूतपूर्व विजय की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में जनता टीएमसी की भ्रष्टाचार, लूट और झूठ की राजनीति से त्रस्त थी। अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजन सरकार सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा सहित हर क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए लोककल्याण के कार्य करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने असम और पुडुचेरी में बीजेपी की अभूतपूर्व जीत पर खुशी जताई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं भाजपा के हरियाणा में प्रभारी डॉ सतीश पूनिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, मंत्री मदन दिलावर, हीरालाल नागर, कन्हैया लाल चौधरी, गौतम दक, जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ एवं के के विश्नोई, सांसद मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, जिला प्रमुख रमा चोपड़ा आदि ने मिलकर ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित