ढाका , अक्टूबर 06 -- बंगलादेश में पुलिस ने 26 सितंबर को ढाका में आयोजित एक बैठक के दौरान वामपंथी जातीय समाजतांत्रिक दल (जेएसडी) के करीब 290 समर्थकों को हिरासत में लिया है। ह्यूमन राइट्स वॉच (एचआरडब्ल्यू) ने इसे देश में राजनीतिक एवं नागरिक अधिकारों को लेकर चिंता बढ़ाने वाली हालिया घटना बताया है।
एचआरडब्ल्यू के अनुसार, सत्तारूढ़ बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की युवा शाखा जातीयतावादी जुबो दल के सदस्यों ने आरोप लगाया था कि यह बैठक प्रतिबंधित अवामी लीग की 'गुप्त' बैठक थी।
संगठन के अनुसार, हिरासत में लिये गये लोगों में से 27 को बाद में अदालत ने रिमांड पर भेज दिया। इन लोगों पर अवामी लीग से जुड़े नारे 'जय बांग्ला' लगाने का आरोप था।
जेएसडी अवामी लीग के नेतृत्व वाले 14 दलों के गठबंधन का हिस्सा था। अवामी लीग ने 2009 से 2024 तक बंगलादेश में शासन किया था। 2024 में छात्र नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटना पड़ा था। इन प्रदर्शनों में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी।
एचआरडब्ल्यू ने कहा कि ये गिरफ्तारियां पूर्व सत्तारूढ़ दल के समर्थक माने जाने वाले लोगों की हिरासत के व्यापक सिलसिले का हिस्सा हैं। संगठन ने सितंबर की दो अन्य घटनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें पुलिस ने बरिशाल में अवामी लीग के 12 कथित कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और ढाका में 15 अन्य लोगों को आतंकवाद-रोधी कानून के तहत गिरफ्तार किया। बताया गया कि हिरासत में लिये गये लोगों ने हसीना का जन्मदिन मनाने के लिए एकत्र होने की बात कही थी।
मौजूदा सरकार ने हसीना के शासन के दौरान गंभीर मानवाधिकार उल्लंघनों के आरोपों के बीच मानवाधिकार और कानून का शासन बहाल करने का वादा किया है। इन आरोपों में जबरन गुमशुदगी, न्यायेतर हत्याएं, यातना और राजनीतिक विरोधियों की मनमानी हिरासत शामिल हैं।
एचआरडब्ल्यू ने कहा कि नयी सरकार के तहत भी राजनीतिक विरोधी माने जाने वाले लोगों को हिरासत में लिया गया है और अंतरिम सरकार द्वारा प्रस्तावित कुछ मानवाधिकार सुरक्षा उपायों को बरकरार नहीं रखा गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित