ढाका , मई 07 -- बंगलादेश में खसरे की महामारी से पिछले 24 घंटों में 12 और बच्चों की मौत हो गई है जिनमें एक बच्चे में खसरे की पुष्टि हुई थी, जबकि 11 बच्चों में खसरे जैसे लक्षण थे।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने बताया है कि पूरे देश में 1,238 और बच्चों में खसरे के लक्षण पाए गए हैं। यह जानकारी 'प्रथम आलो' की रिपोर्ट में दी गई है। इनमें से 286 मामलों के प्रयोगशाला में पुष्टि हुई है।

इससे पहले 4 मई को 24 घंटों के भीतर खसरे और खसरे के लक्षणों के कारण कम से कम 17 बच्चों की मौत हो गई थी। इसके साथ ही 15 मार्च से अब तक मरने वालों की कुल संख्या 279 हो गई है।

रिपोर्टों के अनुसार ढाका में खसरे से पीड़ित एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि बारीसाल में एक अन्य बच्चे की बीमारी से जुड़े लक्षणों के कारण मौत हुई। इसके अलावा ढाका में पांच, खुलना में एक, मयमनसिंह में दो, राजशाही में दो और सिलहट में एक बच्चे की मौत हुई है।

बंगलादेश में खसरे के संक्रमण से कम से कम 57 बच्चों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस साल 15 मार्च से अब तक 45,498 बच्चों में खसरे के लक्षण देखे गए हैं। इस दौरान खसरे के लक्षणों के साथ 31,912 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिनमें से 28,238 मरीजों को इलाज के बाद घर भेजा जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित