ढाका , मई 21 -- बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में खसरा जैसे लक्षणों के कारण सात और बच्चों की मौत हो गई है, जिससे इस बीमारी और उससे जुड़े लक्षणों के कारण होने वाली कुल मौतों की संख्या अब 475 हो गयी है।
बंगलादेश के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अनुसार, चार बच्चों में खसरा होने की पुष्टि हुई थी, जबकि शेष तीन बच्चों की मौत खसरा के संदिग्ध लक्षणों के कारण हुई।इसी अवधि में, देश भर के अस्पतालों में इस बीमारी के लक्षणों वाले 1423 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। इनमें से 208 मामलों की प्रयोगशाला जांच में खसरा होने की पुष्टि हुई है।
इस वर्ष अब तक बांग्लादेश में खसरा की पुष्टि होने से कम से कम 83 बच्चों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा, 405 बच्चों की मौत खसरा जैसे लक्षणों के कारण हुई है।
स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के आंकड़ों के अनुसार, 15 मार्च से 21 मई के बीच प्रयोगशाला परीक्षण के माध्यम से कुल 8275 खसरा संक्रमणों की पुष्टि की गई।
नवीनतम स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, देश भर में 59,279 संदिग्ध खसरा मामलों की पहचान की गई है। इनमें से 42,336 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
देश में वर्ष 2024 से टीकों की आपूर्ति में भारी कमी देखी जा रही है, जिससे टीकाकरण दर 90 प्रतिशत से अधिक से गिरकर 57 प्रतिशत और उससे भी नीचे आ गई है, जिसके परिणामस्वरूप यह प्रकोप फैला है।
संयुक्त राष्ट्र की संस्था यूनिसेफ ने पहले कहा था कि उसने वर्ष 2024 में ही टीकों की कमी और इस पर तुरंत कार्रवाई करने की तत्काल आवश्यकता के बारे में बंगलादेश को कई चेतावनियां जारी की थीं, हालांकि समय पर कार्रवाई नहीं की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित