ढाका , मई 12 -- बंगलादेश में खसरे के बढ़ते प्रकोप के बीच पिछले 24 घंटों में नौ और बच्चों की मौत हो गयी, जिसके बाद बीमारी अथवा उससे जुड़े लक्षणों के कारण मरने वाले ज्ञात एवं संदिग्ध बच्चों की कुल संख्या बढ़कर 424 हो गयी है।

स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के आंकड़ों के अनुसार, नौ मृतकों में से तीन बच्चों में खसरे की पुष्टि हुई थी। इसके साथ ही सीधे तौर पर खसरे से मरने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 68 हो गयी है। अधिकांश मौतें राजधानी ढाका से सामने आई हैं, जहां बीमारी ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है।

द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, इसी अवधि में छह और संदिग्ध मौतों की सूचना मिली। इससे संदिग्ध मौतों की कुल संख्या 356 पहुंच गयी है। ताजा मौतों में से दो सिलहट खंड में दर्ज की गयीं, जबकि ढाका, चटगांव, मायमनसिंह और खुलना में एक-एक मौत की सूचना मिली।

पिछले 24 घंटों में 87 नये पुष्ट मामले सामने आय। इससे 15 मार्च से 12 मई के बीच कुल पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 7,024 से अधिक हो गयी।

डीजीएचएस ने इसी अवधि में 1,105 नये संदिग्ध मामलों की भी पुष्टि की, जिसके बाद देशभर में संदिग्ध मामलों की कुल संख्या 51,567 हो गयी है। इनमें से 32,877 मरीज उपचार प्राप्त करने के बाद अस्पतालों से छुट्टी पा चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित