ढाका , अगस्त 05 -- बंगलादेश ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को नई दिल्ली में मीडिया के साथ लाइव बातचीत करने की अनुमति दिए जाने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा है कि यह दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने के प्रयासों के विपरीत है।

ढाका ट्रिब्यून और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार बंगलादेश विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसने भारत सरकार को इस संबंध में पहले ही अपनी चिंताओं से अवगत कराते हुए चेतावनी दी थी कि ऐसा आयोजन दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने के प्रयासों को प्रभावित कर सकता है। मंत्रालय ने गहरा खेद व्यक्त करते हुए कहा कि जुलाई क्रांति की दूसरी वर्षगांठ पर आयोजित यह मीडिया वार्ता बंगलादेश की संप्रभुता पर हमला और जुलाई 2024 के आंदोलन में मारे गए लोगों का अपमान है। बयान में यह भी कहा गया कि 2013 की बंगलादेश-भारत प्रत्यर्पण संधि के तहत सुश्री हसीना की वापसी के बार-बार किए गए अनुरोधों का अभी तक भारत की ओर से कोई जवाब नहीं मिला है।

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्र-नेतृत्व वाले जन विद्रोह के बाद शेख हसीना को मजबूरन देश छोड़ना पड़ा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित