हरारे , जुलाई 09 -- बंगलादेश ने गुरुवार को दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर मेजबान जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

आज यहां बंगलादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के बाद मिराज ने कहा कि मुझे लगता है कि पिछले मैच में हमने बहुत अच्छी गेंदबाजी की थी, तेज गेंदबाजों ने जिस तरह से गेंदबाजी की, वह शानदार थी और मुझे लगता है कि हमने शुरुआती 10 ओवरों में कई विकेट लिए थे। (बल्लेबाजी के बारे में पूछे जाने पर) मुझे लगता है कि हमें शीर्षक्रम में अच्छी साझेदारी की जरूरत है। हमारी टीम में एक बदलाव है। मुस्तफ़िज़ुर रहमान नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह शोरिफ़ुल खेलेंगे।

वहीं जिम्बाब्वे के कप्तान रिचर्ड नगारवा ने कहा कि हम चीज़ों को बहुत आसान रखने की कोशिश करेंगे, खासकर जब हम यहां बल्लेबाजी करने उतरेंगे। बेशक, पहला मैच जैसा भी रहा, वह तो बीत चुका है, लेकिन उम्मीद है कि हम आगे बेहतर करेंगे। यह एक अच्छी पिच लग रही है जहां हम आकर गेंदबाजों का सामना कर सकते हैं, रन बनाने की कोशिश कर सकते हैं, एक अच्छा स्कोर खड़ा कर सकते हैं और उसका बचाव कर सकते हैं। हमारी टीम में बदलाव नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित