शारजहा , अक्टूबर 22 -- राशिद खान (चार विकेट), यामीन अहमदजई और अजमतुल्लाह ओमरजई (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद कप्तान रहमत शाह( नाबाद 67) और हशमतउल्लाह शाहिदी (नाबाद 36) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत अफगानिस्तान ने बंगलादेश को सात विकेट से हराकर एकदिवसीय त्रिकोणीय श्रृंखला के फाइनल में जगह बना ली।

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। यामीन अहमदजई ने अपने पहले ही ओवर में लगातार गेंदों पर तंजिद हसन तमीम और सौम्य सरकार को आउट करके बांग्लादेश को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद अजमतुल्लाह उमरजई ने नजमुल हुसैन शांतो और तौहीद हृदय को पवेलियन भेज दिया, जिससे सात ओवर के भीतर ही बांग्लादेश का स्कोर 4 विकेट पर 28 रन हो गया।

इसके बाद पांचवें विकेट के लिए परवेज हुसैन एमोन और सैफ हसन ने 93 रनों की साझेदारी करके पारी को कुछ हद तक संभाला। हालांकि, मोहम्मद नबी ने सैफ हसन (41 रन) को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ दिया। इसके कुछ ही देर बाद राशिद खान ने मोर्चा संभाला और देखते ही देखते बंगलादेश के निचले क्रम के बल्लेबाजों को समेट दिया।

निचले क्रम का कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका और बंगलादेश की टीम 121/4 के स्कोर से 160 रन पर ऑल-आउट हो गई। इस दौरान राशिद खान ने 8.2 ओवर में 31 रन देकर चार विकेट लिए। बंगलादेश की ओर से एमोन ने सबसे ज्यादा 70 रन (96 गेंदों पर) बनाए, लेकिन अंत में वे राशिद की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। इस तरह बंगलादेश की पूरी टीम 41.2 ओवर में 160 रन पर सिमट गई।

एक आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए, अफगानिस्तान ने तस्कीन अहमद के सामने अपने ओपनर रहमानुल्लाह गुरबाज (6) और तीसरे नंबर के बल्लेबाज सेदिकुल्लाह अटल (4) को जल्दी ही खो दिया, जिससे सातवें ओवर तक उनका स्कोर दो विकेट पर 39 रन हो गया। रहमत ने एक छोर संभाले रखा और टीम की पारी को वापस पटरी पर ले आए।

इब्राहिम जदरान ने 48 गेंदों में 34 रनों की अहम पारी खेली। उन्होंने कप्तान के साथ 56 रनों की साझेदारी करके टीम को मुश्किल से बाहर निकालने में मदद की, लेकिन फिर मुस्तफिज़ुर रहमान का शिकार बन गए। इसके बाद रहमत ने रन चेज की कमान संभाली और 90 गेंदों में नाबाद 67 रन बनाए। उन्होंने हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ 66 रनों की एक और साझेदारी की, जिसमें शाहिदी 36 रन बनाकर नाबाद रहे। इन दोनों ने अफगानिस्तान को 35.3 ओवर में 7 विकेट शेष रहते जीत दिला दी, जिससे अब फाइनल में उनका मुकाबला ज़िम्बाब्वे से होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित