चटगांव , अक्टूबर 02 -- बंगलादेश के चटगांव में भारत के सहायक उच्चायोग ने महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पटेंगा समुद्र तट पर सफाई अभियान चलाया।

स्थानीय समय के अनुसार सुबह नौ बजे से 11 बजे तक चले इस अभियान का आयोजन भारतीय मिशन ने 'स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत' विषय के अंतर्गत किया। यह अभियान 'सेवा पखवाड़ा 2026' का हिस्सा था, जो 17 सितंबर से दो अक्टूबर 2026 तक पूरे भारत और विश्व में मौजूद भारतीय राजनयिक मिशनों में मनाया जा रहा है।

सहायक उच्चायुक्त ने भारतीय मिशन के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ इस पहल में हिस्सा लिया। चटगांव ग्रामर स्कूल के लगभग 100 छात्र भी इस अभियान में शामिल हुए, जिन्होंने समुद्र तट से प्लास्टिक, पॉलीथीन और अन्य कचरा एकत्रित किया और उसे निर्धारित संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया। अभियान में शामिल प्रतिभागियों, जिनमें छात्र और आयोजन टीम के सदस्य शामिल थे, को 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान की थीम वाले टी-शर्ट दिये गये। चटगांव मेट्रोपॉलिटन पुलिस और पर्यटन पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा प्रदान की और कानून-व्यवस्था बनाये रखी।

भारतीय मिशन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी के ज़रिए पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देना है, साथ ही स्थानीय पर्यटकों और आम जनता के बीच जागरूकता बढ़ाना भी है।

'डेली सन' की रिपोर्ट के अनुसार, इसी तरह बंगलादेश में भारत के उच्चायुक्त ने अधिकारियों को स्वच्छता की औपचारिक शपथ दिलायी और दूतावास ने सफाई कर्मचारियों के योगदान के लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किये। इसके साथ ही खुलना, सिलहट और राजशाही में सहायक आयुक्तों ने भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित